मऊ ज़िले में श्री राम जन्म भूमि निधि समर्पण के केंद्रीय कार्यालय का उद्घाटन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के गोरक्ष प्रांत के प्रचारक सुभाष जी द्वारा शुक्रवार को वैदिक रीति-रिवाजों के साथ पूजन अर्चन कर किया गया। इस दौरान कार्यालय परिसर में भगवान श्री राम के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित करते हुए वैदिक मंत्रोचार के साथ पूजन अर्चन किया गया तथा साधु-संतों व 1992 तथा उसके पहले कार सेवा में हिस्सा लिये कारसेवकों को पगड़ी पहनाकर व माल्यार्पण कर स्वागत, अभिनन्दन किया गया। तत्पश्चात केसरिया ध्वज पताका के बीच भगवान श्री राम के चित्र के साथ हजारों की संख्या में धर्म प्रेमियों के जत्था के साथ शोभा यात्रा निकाली गई। शोभा यात्रा में शामिल लोगों को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के गोरक्ष प्रांत के प्रचारक सुभाष जी ने कहा कि यह हम लोग के लिए परम सौभाग्य की बात है कि हम लोग भगवान श्री राम के मंदिर बनने में साक्षी बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि सैकड़ों वर्षो का सपना साकार होने जा रहा है और श्री राम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण के लिए हम राम भक्तों को पूर्ण रूप से तैयार होना है। श्री राम के जन्म स्थान पर भव्य मंदिर निर्माण में समस्त देशवासियों का योगदान होना सुनिश्चित करने के लिए हम सभी को प्रत्येक परिवारों से मंदिर निर्माण के लिए सहयोग लेना है। उन्होंने कहा कि आज हमारा वह सपना पूरा होने जा रहा है जिसको वर्षों पहले हमने देखा था, की राम लला हम आएंगे मंदिर भव्य बनाएंगे।