✍️रिपोर्ट राजन शुक्ला बहराइच

🛑बहराइच, अमृत विचार। कैसरगंज तहसील के रायगढ़ बेहड़ा निवासी उमा देवी ने जिलेवासियों को गर्व के पल दिए हैं। दिल्ली के राजपथ पर आयोजित स्वतंत्रता दिवस पर उमा देवी को विशिष्ट अतिथि के रूप में बुलावा भेजा गया है जहां पर प्रधानमंत्री द्वारा उन्हें सम्मानित किया जाएगा। उमा देवी दिल्ली के लिए रविवार को रवाना हो गईं। जनपद के कैसरगंज तहसील अंतर्गत रायगढ़ बेहद गांव निवासी उमा देवी पत्नी रमेश सिंह गृहणी हैं।

उमा देवी के बेटे की दो वर्ष पूर्व डायरिया हो गया। इलाज के बाद भी प्रतिवर्ष डायरिया से उनका बेटा बीमार होने लगा। डॉक्टर ने दूषित जल के उपयोग से बेटे के बीमार होने की बात बताई। इस पर उमा देवी ने गांव की महिलाओं को स्वच्छ पेयजल के लिए हर घर जल परियोजना के लिए महिलाओं को जागरूक किया। इसके लिए उन्होंने महिला मंगल दल का गठन किया।
गांव की महिलाओं को जागरूक करने के बाद महिला दल ने क्षेत्र के 50 अन्य गांव के लोगों को बीमारी से बचाव और स्वच्छ जल से होने वाले लाभ के बारे में बताया। उमा देवी के प्रयास से 50 गांव के लोगों ने हर घर जल योजना से जुड़ गईं। सभी को स्वच्छ पेयजल मिलने लगा। बीमारियां दूर होने लगी। महिला के इस प्रयास को जल निगम और जिला प्रशासन की ओर से बेहतर मानते हुए प्रस्ताव भेजा गया। अब पीएमओ के द्वारा अधिशाषी निदेशक राज्य पेयजल एवं स्वच्छता मिशन नमामि गंगे को पत्र भेजा गया।

निदेशक की ओर से डीएम मोनिका रानी को पत्र भेजा गया। जिस पर महिला दिल्ली के लिए रवाना हो गई है। जिलाधिकारी ने बताया कि महिला स्वतंत्रता दिवस पर विशिष्ट अतिथि के रुप में शामिल होगी। साथ ही उसे प्रधानमंत्री की ओर से सम्मानित किया जाएगा। जल जीवन मिशन के देवेश कुमार मिश्रा ने बताया कि महिला लखनऊ से दिल्ली के लिए रवाना हो गई है। उन्हें 15 अगस्त को सम्मानित किया जाएगा।