– जमालपुर प्रखंड के बांक गांव निवासी मनोज कुमार के पुत्र हैं मयंक यादव

– कुल 500 में 489 और 97.8 प्रतिशत अंक लाकर रचा इतिहास

मुंगेर सहित बिहार का नाम देश में किया रोशन, अपने आपको गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं मुंगेरी

✍️डॉ शशि कांत सुमन

🔴मुंगेर । कहते हैं प्रतिभा किसी की मोहताज नहीं होती है, आवश्यकता सिर्फ सच्चे लग्न और जुनून की होनी चाहिए। इसी कहावत को चरितार्थ किया है बिहार के मुंगेरी छोरे मयंक यादव ने…। प्रतिभा के धनी मयंक यादव ने सीबीएससी 12वीं कक्षा के परिणाम में 97. 8 अंक लाकर दिल्ली में मुंगेर ही नहीं बल्कि पूरे बिहार का परचम लहराया है। मयंक यादव की सफलता से विश्व योगनगरी मुंगेर के लोग खासकर उनके गांव बांक के सभी धर्म एवं समुदाय के लोग अपने आपको गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।
बताते चलें कि मुंगेर जिले के जमालपुर प्रखंड अंतर्गत बांक गांव निवासी मनोज कुमार एवं रोजी रानी के पुत्र मयंक यादव आदर्श जैन धार्मिक शिक्षण संस्थान, नई दिल्ली मे शिक्षणरत और से सीबीएससी 12वीं कक्षा की परीक्षा दी थी। सीबीएससी की परीक्षा परिणाम में मयंक यादव को कुल 97. 8 प्रतिशत अंक मिला है। प्रतिभा के धनी तथा जुनूनी छात्रों में शामिल मयंक यादव ने कुल 500 अंक में 489 अंक लाकर विद्यालय का टॉपर बनने का गौरव हासिल किया है। सीबीएससी की परीक्षा परिणाम 2022 में मुंगेरी छोरे मयंक यादव ने अंग्रेजी में 94, फिजिक्स में 99, केमिस्ट्री में 100 में 100, बायोलॉजी में 97 तथा फिजिकल एजुकेशन में 99 अंक लाया है।मयंक यादव की सफलता से आदर्श जैन धार्मिक शिक्षण संस्थान, नई दिल्ली के साथ-साथ उनके गृह जिले मुंगेर में जश्न का माहौल देखने को मिल रहा है। बताते चलें कि मयंक यादव के ग्रैंडफादर सुरेश प्रसाद यादव हैं। जिनका शिक्षा के प्रति गहरा लगाव रहा है। मयंक के पिता मनोज कुमार रिटायर्ड सूबेदार रहे हैं। माता रोजी रानी मुंगेर सदर प्रखंड क्षेत्र के जानकीनगर विद्यालय में सहायक शिक्षिका है। जिन्होंने एमएससी तक की पढ़ाई की है। अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता ग्रैंडफादर सहित अन्य परिजनों को देते हुए मयंक यादव ने मीडिया कर्मियों को बताया कि यह सब संभव परिजनों की वजह से हो पाया है। एक सवाल के जवाब में मयंक यादव ने कहा कि परीक्षा की तैयारी के लिए 24 घंटे में 08 घंटे तक वे पढ़ाई करते थे। मीडिया कर्मियों ने जब उनसे पूछा कि आगे का लक्ष्य क्या है? तो मयंक यादव ने कहा कि पढ़ लिखकर वह मानव सेवा के लिए डॉक्टर बनना चाहते हैं। देश की राजधानी दिल्ली में सीबीएससी 12 वी कक्षा की परीक्षा में परचम लहराने पर मयंक यादव को बधाई देने वालों में जमालपुर प्रखंड प्रमुख मंजू देवी, मुखिया डेजी कुमारी तथा मुखिया प्रतिनिधि जयराज गौतम सहित पंचायत के कई प्रबुद्ध नागरिक एवं शिक्षासेवी शामिल हैं। मुखिया डेजी कुमारी ने मयंक यादव की सफलता पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा कि बांक पंचायत सहित पूरे मुंगेर जिले के लिए यह गौरव की बात है। मयंक यादव के दिल्ली से लौटने पर ग्राम पंचायत बांक की ओर से प्रतिभा के धनी मयंक यादव को सम्मानित किया जाएगा।