🟥वाराणसी। दुर्गाकुंड स्थित कुष्मांडा दरबार में चल रहे सात दिवसीय संगीत समारोह की पांचवी निशा की प्रथम हाजिरी बाल कलाकार विदुषी वर्मा ने भगवती दुर्गा के चरणों में भजन अर्पित किया। विदुषी ने माता के दरबार में अपने जीवन की प्रथम यादगार हाजिरी मां को समर्पित भजनों की पुष्पाहार के माध्यम से उनके श्री चरणों में समर्पित किया। बाल कलाकार को सुनने के लिए मंदिर प्रांगण भक्तों से भरा रहा। मंदिर परिसर में जगह-जगह लगे हुए एलईडी स्क्रीन पर भी लोग बाल कलाकार के भजनों को सुन रहे थे। विदुषी वर्मा ने अपने भजनों की शुरुआत जय दुर्गे दुर्गति परिहारिणी से किया। तदुपरांत जय जय अंबे जय जगदंबे, जय जय जग जननी देवी इत्यादि भजनों की सुंदर प्रस्तुति किया।

उनके साथ हारमोनियम पर नीरज पांडे एवं तबले पर सनी कुमार ने सुंदर संगति की। बाल कलाकार को महंत पंडित रामनरेश दुबे व पंडित संजीव दुबे ने माता का चुनरी,प्रसाद और पुष्पाहार देकर आशीर्वाद प्रदान किया। संचालन गीतकार कन्हैया दुबे केडी ने किया।