बस्ती 2अप्रैल।
आर्य समाज नई बाजार बस्ती द्वारा भारतीय नव वर्ष के अवसर पर जिले के विभिन्न स्थानों पर वैदिक यज्ञ आयोजित कर लोगों को भारतीय नव संवत्सर की विशेषतायें व महत्व बताया गया। इसी कड़ी में मुन्डेरवा, गाँधीनगर महराजगंज व बस्ती मे सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित किये गये। महराजगंज में आनन्द स्वरूप सिंह ‘कौशल’ ने लोगों को ओम ध्वज वितरण किया। कार्यक्रम संयोजक ओम प्रकाश आर्य प्रधान आर्य समाज नई बाजार बस्ती ने आज के दिवस पर प्रकाश डालते हुए बताया कि पाश्चत्य अंधानुकरण करते हमारी भावी पीढ़ी इस परिचय को भूलती जा रही है जिसको जानना और मानना हमारे जीवन के लिए नितांत आवश्यक है। कहा कि सृष्टि के प्रारम्भ का यह दिवस ही हमारे वर्ष का प्रथम दिन है। हमें अपने पुरातन संस्कृति की रक्षा के लिए अपने धर्मग्रंथों का अध्ययन करना चाहिए। यज्ञ कराते हुए आचार्य देवव्रत आर्य, हरिपति पांडेय व राधेश्याम आर्य ने लोगों को रोगों के संक्रमण से बचने के लिए यज्ञ करने की प्रेरणा दी और *होता है पूरे विश्व का कल्याण यज्ञ से, जल्दी प्रसन्न होते हैं भगवान यज्ञ से* भजन गवाया। बताया कि चैत्र प्रतिप्रदा मात्र हिन्दू नव वर्ष नही अपितु पूरे सृष्टि के सृजन का दिवस है। इसी दिन भगवान ब्रम्हा ने सृष्टि का निर्माण किया था। इस अवसर पर सभासद चुनमुन लाल न्यासी बाला जी मन्दिर मेहदावल रोड बस्ती ने कहा कि हमारी वैदिक संस्कृति अति पुरातन है इसके ग्रह नक्षत्र मुहूर्त आदि आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं जितने पहले थे। आज भी हमारे सभी मांगलिक कार्यों में पंचांग की आवश्यकता होती है। यह संस्कृति सनातन रही है और रहेगी। इस कार्यक्रम में राधेश्याम, पवन कुमार, मनोज कुमार, लल्लू सोनी, प्रशान्त कुमार, विनोद कुमार सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।