संत कबीर नगर/हीरालाल रामनिवास इंटर कॉलेज में 28 वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस-2020, संत कबीर नगर की जनपद स्तरीय परियोजना प्रस्तुतीकरण आज दिनांक 30-12-2020 को संपन्न हुआ। इसका मुख्य विषय “सतत जीवन के लिए विज्ञान” है। “राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस” भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग का एक प्रमुख कार्यक्रम है, जिसे राष्ट्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी संचार परिषद् (एन.सी.एस.टी.सी.) उत्प्रेरित करती है। इसका प्रमुख उद्देश्य देश के कोने – कोने में जाकर बच्चों में छिपी हुई प्रतिभा के अंकुरण को निखार कर वैज्ञानिक सोच को राष्ट्रीय पटल पर प्रस्तुत करना है। इसमें 10 से 17 वर्ष आयु के विद्यालय के या उससे बाहर के बच्चे प्रतिभाग करते हैं। इस वर्ष कोविड-19 के कारण जनपद में ऑनलाइन स्तर पर प्रोजेक्ट रजिस्ट्रेशन कराया गया था। जिसमें 15 विद्यालयों के 109 परियोजनाएं रजिस्टर की गई थी, जिसमें सबसे अधिक परियोजना खलीलाबाद तहसील से आई है इनकी संख्या 93 है। धनघटा से 9 और मेहदावल से 7 परियोजनाएं रजिस्टर की गई। इन परियोजनाओं में 40 परियोजना छात्राओं द्वारा तथा 69 परियोजना छात्रों द्वारा रजिस्टर की गई थी। जूनियर संवर्ग में 20 परियोजना तथा सीनियर संवर्ग में 89 परियोजना रजिस्टर की गयी। इन 109 परियोजनाओं का प्रारंभिक स्तर पर स्क्रीनिंग करने के पश्चात 28 परियोजनाओं को जनपद स्तर पर ऑनलाइन प्रतिभाग कराया गया था। इन 28 परियोजनाओं का लिखित तथा मौखिक मूल्यांकन निर्णायक मंडल के तीन सम्मानित सदस्यों द्वारा किया गया। इनमें इसरो के वैज्ञानिक/इंजीनियर-एस.सी. शांतनु श्रीवास्तव, जनपद अकादमिक समन्वयक डॉ.आर.के.सिंह तथा मैनेजर-बिजनेस डेवलपमेंट स्टेमरोबो टेक्नोलॉजी अखिलेश कुमार सिंह सम्मिलित थे। 2 दिन चले इस मूल्यांकन में निर्णायक मंडल को कड़ी मेहनत करनी पड़ी। समापन समारोह के मुख्य अतिथि प्रोफेसर डॉक्टर विशाल सिंह चंदेल, हेड अनुप्रयुक्त विज्ञान और मानविकी तथा डायरेक्टर राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज अंबेडकर नगर ने कहा कि छात्रों की परियोजना में सदैव नवीनीकरण होना चाहिए तथा लोकल स्तर पर चुनी गई समस्याओं के निदान का नवीन उपाय सुलझाया जाना चाहिए। उन्होंने लोकल स्तर की समस्याओं का निदान सुझाने के लिए बाल वैज्ञानिकों के परियोजनाओं की प्रशंसा की। विशिष्ट अतिथि के रूप में रामकुमार सिंह प्रधानाचार्य हीरालाल रामनिवास इंटर कॉलेज ने राज्य स्तर के लिए चयनित बाल वैज्ञानिकों को बधाई देते हुए राज्य स्तर पर जनपद का नाम रोशन करने का आशीर्वाद दिया। जनपद समन्वयक अभिषेक कुमार सिंह ने बताया की सीनियर संवर्ग से 3 परियोजनाएं हीरालाल रामनिवास इंटर कॉलेज के राज कश्यप का “सार्वजनिक ई-अस्पताल”, मुस्कान कुमारी का “आईओटी बेस्ड स्मार्ट इरिगेशन सिस्टम” और बाल विद्यालय प्रसादपुर की ब्यूटी उपाध्याय का “विलुप्त प्राय पशु पक्षी से परितंत्र पर पड़ने वाले प्रभाव” तथा जूनियर संवर्ग में दो परियोजनाए आर.के.आर.टी. इंटर कॉलेज के प्रांजल त्रिपाठी का “अम्फिबिअस व्हीकल ” तथा सेंट थॉमस इंटर कॉलेज की अन्वेषिका सिंह का “स्किल टू इंप्रूव ई स्टडी इन कोरोना पीरियड” राज्य स्तर के लिए चयनित की गई है । इन बाल वैज्ञानिकों का राज्य स्तरीय ऑनलाइन परियोजना प्रस्तुतीकरण 15 से 17 जनवरी 2021को होगा । जूम एप पर समापन समारोह का ऑनलाइन संचालन करते हुए जनपद समन्वयक अभिषेक कुमार सिंह ने कहा की संपूर्ण तकनीकी सहयोग अटल टिंकरिंग लैब के छात्रों राज कश्यप तथा सुशांत यादव द्वारा किया गया है। इस अवसर पर प्रदीप श्रीवास्तव प्रबंधक बाल विद्यालय प्रसादपुर, अंकुर त्रिपाठी प्रधानाचार्य आर.के.आर.टी. इंटर कॉलेज, अजीत कुमार गेस्ट लेक्चर आई.टी.आई बालूशासन,बाल वैज्ञानिक दिगपाल यादव, अन्वेषिका सिंह, अविनाश पटेल, अनिरुद्ध उपाध्याय, ब्यूटी उपाध्याय, श्रेया, सचिन यादव, आयुष गुप्ता, प्रांजल त्रिपाठी, सर्वदानंद त्रिपाठी, हिमांशु राव आदर्श त्रिपाठी, मुस्कान कुमारी, दुर्गेश कुमार एवं किशन कपूर इत्यादि उपस्थित रहे।।