मुंबई से मुस्तकीम खान की रिपोर्ट,

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा मुंबई: महाराष्ट्र में कड़े प्रतिबंधों के बावजूद कोरोना मरीजों की संख्या में कमी नहीं आ रही है। सरकार अब 3 हफ्ते का टोटल लॉकडाउन लगाने की तैयारी में है। इस पर एकराय बनाने के लिए मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने आज सर्वदलीय बैठक बुलाई थी। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए होने वाली इस बैठक में मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के अलावा नेता प्रतिपक्ष देवेंद्र फडणवीस, भाजपा नेता प्रवीण दरेकर, चंद्रकांत दादा पाटिल, महाराष्ट्र सरकार में मंत्री अशोक चव्हाण, बालासाहेब थोराट, गृह मंत्री दिलीप वालसे पाटिल, कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार, स्वास्थ्य मंत्री नाना पटोले राजेश टोपे भी उपस्थित थे।

लॉकडाउन के दौरान अन्य कोई विकल्प नहीं: उद्धव
ऑनलाइन बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यह लॉकडाउन का समय है। कोई अन्य विकल्प नहीं है। उन्होंने कहा कि मैं जानता हूं कि लॉकडाउन एकमात्र तरीका नहीं है, लेकिन दुनिया ने इसे स्वीकार कर लिया है। हमने लोगों को रोकने का प्रयास किया, ऑफिस के समय में भी बदलाव किया। लोगों को घर से भी काम करवाया, लेकिन संक्रमण के केस नहीं कम हुए।

CM ने 8 दिन के लिए कड़े प्रतिबंध लगाने का संकेत दिया

बैठक के दौरान उद्धव ने 8 दिन के कड़े प्रतिबंध लगाने का इशारा किया है। उन्होंने कहा कि अगर सभी लोग तैयार हों तो हम 8 दिन का ‘कड़ा प्रतिबंध’ लगा सकते हैं और फिर इसमें धीरे-धीरे छूट दी जाएगी। CM ने कहा कि इसके नियम बनाने में टाइम लग सकता है। इसलिए सरकार अगले दो दिन में इसपर फैसला लेगी।

राज्य में कोरोना की चेन तोड़ने की जरूरत: उद्धव
CM ने कहा कि वैक्सीन की दूसरी खुराक लेकर भी लोग कोरोना पॉजिटिव हो रहे हैं। मैंने इस संबंध में प्रधानमंत्री मोदी के सामने मुद्दा उठाया था। कोरोना की चेन तोड़ने की जरूरत है, युवा पीढ़ी ज्यादा प्रभावित हो रही है।

भाजपा ने किया पूर्ण लॉकडाउन का विरोध
भाजपा की ओर से पूर्ण लॉकडाउन का विरोध करते हुए पूर्व CM देवेंद्र फडणवीस ने कहा, राज्य में टेस्टिंग की संख्या बढ़ाई जाए। टेस्टिंग की रिपोर्टों को तुरंत प्राप्त करने के लिए उपाय किए जाने चाहिए। कोरोना बढ़ रहा हैं इसमें दो राय नहीं है। इसको रोकने के लिए RTPCR टेस्ट रिजल्ट जल्द से जल्द दें। प्राइवेट अस्पतालों में रेमेडिसिवीर नही मिल रहा है , ऑक्सीजन की कमी है, रेमिडीसीवीर जल्द से जल्द देना चाहिए। इन सब बातों पर गौर करना चाहिए। फडणवीस ने कहा कि आरोग्य सेवा बढ़ाई जाएं। पाबंदियां लगाएं जाएं मगर जनता और व्यापारियो की भावना का ध्यान रखा जाए।

जनता के बारे में सोचे सीएम ठाकरे:

उन्होंने आगे कहा कि जनता के बारे में सोचे। जनता और व्यापारियों की भावना का ध्यान रखना पड़ेगा पिछला साल लोगों का खराब हुआ है। अब तक लोग बिजली का बिल तक नही भर पाये हैं। लोग कैसे जियेंगे। व्यापारी खत्म हो रहे है। पिछले साल का बिल लोगों से भरा नहीं गया। लोगों को आर्थिक पैकेज देना चाहिए। अगर राज्य का कर्जा बढ़ता है तो बढ़ने दो लेकिन लोगों के लिए राहत पैकेज दें। अगर लॉक डाउन हुआ तो लोगो का गुस्सा फूट जाएगा।

लॉकडाउन को लेकर सरकार के नए दिशा-निर्देश

शॉपिंग मॉल्स में केवल जरूरी सामान की बिक्री सुबह 7 बजे से रात 8 बजे तक होगी।
वीकेंड में सभी जरूरी सेवा चालू रहेगी, बिना वैध कारण के कोई बाहर नहीं घूम सकता।
गैरेज खुले रहेंगे, लेकिन स्पेयर पार्ट की दुकानें बंद रहेंगी।
एसी, कूलर, फ्रिज जैसे इलेक्ट्रॉनिक सामानों की दुकानें बंद रहेंगी।
डेस्कटॉप, लैपटॉप और मोबाइल की दुकानें भी खोलने की इजाजत नहीं है।
कंस्ट्रक्शन या इससे जुड़ी दुकानें बंद रहेंगी।
निर्माण क्षेत्र में काम करने की मंजूरी है।
शराब की दुकानें खोलने तथा डिलीवरी पर रोक है।काम पर जाने वाले कर्मचारियों को RT-PCR टेस्ट जरूरी था। इसकी वैधता 15 दिन रहती है। लेकिन अब सरकार ने रेपिड एंटिजन टेस्ट को भी मान्य कर दिया है। ये उन कर्मचारियों के लिए जरूरी है, जिन्हें कोरोना टीका नहीं लगा हुआ है। इसमें सार्वजनिक परिवहन, निजी परिवहन, फिल्म, सीरियल, विज्ञापन की शूटिंग, होम डिलीवरी करने वाले कर्मचारियों और मजदूर शामिल हैं।