मऊ के जिलाधिकारी अमित सिंह बंसल द्वारा विकास खण्ड-रतनपुरा, ग्राम पंचायत-कुड़वा अन्तर्गत निर्माणाधीन वृहद गोआश्रय स्थल का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के समय आर.एन.सिंह मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) एवं अन्य ग्रामीण उपस्थित थे। निरीक्षण में निर्माण कार्य अधोमानक पाया गया। निर्माण कार्य की गुणवत्ता बहुत खराब पायी गयी। जिस पर जिलाधिकारी द्वारा मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को सम्बन्धित ठेकेदार के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिये गये तथा जिला विकास अधिकारी के नेतृत्व में तीन सदस्यों की टीम गठित की गयी जो कि निर्माण कार्य में व्यय धनराशि का आंकलन कर अवशेष धनराशि की वसूली करेगी।श्री बंसल ने विकास खण्ड-रतनपुरा, ग्राम पंचायत-कुड़वा अन्तर्गत निर्माणाधीन पंचायत भवन एवं सामुदायिक शौचालय निर्माण कार्य का निरीक्षण भी किया गया। निरीक्षण के समय हंसराज, मुख्य राजस्व अधिकारी, आर.एन.सिंह मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) एवं अन्य ग्रामीण उपस्थित थे। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि पंचायत भवन एवं सामुदायिक शौचालय 11000 बोल्ट के तार के नीचे बनाया जा रहा था जबकि मौके पर अतिरिकत भूमि उपलब्ध थी। निर्माण कार्य मे घटिया/ अधोमानक सामग्री का प्रयोग किया जा रहा था। जिलाधिकारी द्वारा तत्काल घटिया निर्माण गिरवाया गया एवं उक्त हेतु उत्तरदायी ग्राम विकास अधिकारी आशुतोष श्रीवास्तव को निलम्बित करने के निर्देश दिए गए।