डॉ शशि कांत सुमन
पटना। बिहार में भ्रष्टाचार व अफसरशाही हावी है। जदयू के साथ ही एनडीए में भी टूट होगी, जिसके बाद जल्द ही बिहार में मध्यावधि चुनाव होगा। आशीर्वाद यात्रा के साथ साथ संगठन की मजबूती के लिए बेगूसराय पहुंचे। चिराग पासवान ने पत्रकारों से बात करते हुए उक्त बयान दिया। पत्रकारों से बात करते हुए चिराग पासवान ने जहां एक तरफ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भ्रष्टाचार को शह देने का आरोप लगाया वहीं वहीं उन्होंने अपने चाचा पशुपति पारस पर चुटकी लेते हुए कहा कि केंद्रीय मंत्री बनने के लिए ही उन्होंने पार्टी को तोड़ा। रामविलास पासवान के जिंदा रहते बार-बार उन्हें कमजोर करने का भी प्रयास किया। मंत्री बनने के लिए ही नीतीश कुमार की गोद में चले गए और अब कहते है कि रामविलास पासवान को अपना आदर्श मानता हूं।
चिराग पासवान ने कहा कि विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिए पूरे बिहार का भ्रमण करने निकले हैं। जनता का अपार जनसमर्थन और आर्शीर्वाद मिल रहा है। संगठन भी मजबूत हो रहा है। राज्य सरकार पर हमला करते हुए कहा कि जल नल योजना हो या मनरेगा कोई काम ऐसा नहीं है जिसमें भ्रष्टाचार नहीं हो रहा है। एक भी बिहारी का काम बिना घूस दिए नहीं हो रहा है। चिराग पासवान ने बिहार के अस्पतालों की स्थिति पर दुख जाहिर करते हुए कहा कि अपने 15 साल के शासन में भी नीतीश कुमार बिहार के सरकारी स्वास्थ्य की स्थिति ठीक नहीं कर पाए तभी तो नीतीश कुमार को आंख तक का इलाज कराने दिल्ली जाना पड़ता है।
चिराग पासवान ने नीतीश को अपने हमले का केन्द्र पर रखते हुए कहा कि लोजपा कभी भी जदयू के साथ सहज नहीं रही। नीतीश कुमार शुरू से ही लोजपा को तोड़ने का काम कर रहे थे। पार्टी तोड़ने के बाद नीतीश ने अब तो मेरा घर भी तोड़ डाला है। भाजपा और पीएम नरेंद्र मोदी के संबंध में एक प्रश्न के जबाब में उन्होंने कहा कि जब अपनों ने ही पीठ में खंजर मारा है तो वे दूसरों को क्या कहें। अपनों ने इस स्थिति में नहीं छोड़ा हैं कि वे दूसरों पर कोई आरोप लगाऐं। इस अवसर पर जाप के प्रदेश महासचिव विनोद कुमार गुप्ता, प्रदेश सचिव विपिन कुमार यादव, हसनपुर प्रखंड के प्रमुख बिल्लू दास, संतोष गुप्ता, भूपेंद्र कुमार आदि ने लोजपा की सदस्यता ग्रहण किया। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी, प्रवक्ता सुरेंद्र विवेक, सदस्यता प्रभारी संजय रविदास, पूर्व विधायक रामविनोद पासवान, संजय पासवान, जिला अध्यक्ष प्रेमकुमार पासवान, अजय कुशवाहा, पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष इंदिरा देवी, प्रेमनाथ गुप्ता, घनश्याम पासवान सहित काफी संख्या में कार्यकर्ताओं का जत्था शामिल था।