🔻बस्ती 11जनवरी।
आर्य समाज नई बाज़ार बस्ती द्वारा आयोजित 7दिवसीय व्यक्तित्व निर्माण युवा शिविर में उच्च चेतना वाले युवकों का निर्माण किया जा रहा है जो हर संक्रमण को मात दे सकेंगे। यह जानकारी देते हुए ओम प्रकाश आर्य प्रधान आर्य समाज नई बाज़ार बस्ती ने बताया कि शारिरिक व्यायाम से हमारा शरीर ही नहीं स्वस्थ होता है बल्कि हमारे भीतरी अंग भी सबल बनते हैं। उनमें रोगों के संक्रमण का खतरा भी बहुत कम हो जाता है। देश एवं समाज को समृद्ध, संस्कारवान एवं सम्पन्न बनाने में विद्यार्थियों का विशेष योगदान होता है एक चरित्रवान विद्यार्थी ही अपने देश को सम्पूर्ण विश्व में गौरवान्वित करता है। इससे पूर्व दिन का प्रारम्भ सर्वांग सुन्दर व्यायाम से हुआ। प्रशान्त आर्य प्रशिक्षक आर्य वीर दल दिल्ली प्रदेश ने शारिरिक अभ्यास कराते हुए बच्चों को सूक्ष्म व्यायाम का अभ्यास कराया। बौद्धिक सत्र में बच्चों को सम्बोधित करते हुए पंकज आर्य प्रान्तीय संचालक आर्य वीर दल उत्तर प्रदेश ने बताया कि आर्य वीर दल वह कार्यशाला है जहाॅ से चरित्रवान, बलिष्ठ, सुसंस्कृत और अनुशासित युवकों का निर्माण होता है। इन्हीं तपे हुए नवयुवकों के कन्धे पर देश का भविष्य निर्भर है। कहा कि देश में आर्य वीर दल जैसे संगठनों की आवश्कता है जो समाज को सही व नई दिशा दे सकता हैं। शिविर संचालक अदित्यनारायण गिरि ने बताया आर्य वीर इस शिविर में जहां शारीरिक शिक्षा प्राप्त कर तन से स्वस्थ रह सकेंगे वहीं योग, आसन व प्राणायाम सीखकर मन से भी सबल व स्वस्थ हो सकेंगे। शिविर के दौरान आर्यवीरों में आपसी प्रेम व भाईचारा तथा परस्पर सहयोग की भावना का विकास होगा। आर्यवीरों की दिनचर्या व शिविर के नियम बताते हुए प्रशिक्षक कृष्ण पाल आर्य ने बताया कि शिविर के दौरान कोई भी आर्यवीर मोबाइल का प्रयोग नहीं करेगा। शिविर में दो बौद्धिक एवं दो शारीरिक व्यायाम सत्र होंगे। साथ ही बच्चों के लिए मनोरंजन सत्र भी होगा। देवव्रत आर्य मण्डलपति आर्य वीर दल बस्ती ने बताया कि जिले के अन्य विद्यालयों से सम्पर्क करके ऐसे शिविरों का आयोजन किया जाएगा।