मुजफ्फरपुर, बेगूसराय, खगड़िया, कोशी और सीमांचल की दूरी हो जाएगी कम

मुंगेर के विकास का मार्ग हो प्रशस्त

25 दिसंबर को लोकार्पण करेंगे पीएम नरेंद्र मोदी

✍️डॉ शशि कांत सुमन💢

मुंगेर। सुरक्षा और गुणवत्ता के साथ तय तिथि को मुंगेर खगड़िया रेल -सह- सड़क पुल का लोकार्पण होगा।
उक्त बातें आज बहुप्रतीक्षित मुंगेर खगड़िया रेल -सह- सड़क पुल का एरियल अवलोकन करने के बाद पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने प्रेस प्रतिनिधियों से वार्ता के दौरान कही। अपर मुख्य सचिव पथ निर्माण प्रत्यय अमृत भी उनके साथ थे। 25 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के द्वारा मुंगेर रेल सह सड़क पुल का लोकार्पण को लेकर पथ निर्माण मंत्री नितीन नवीन ने पुल निर्माण कार्यो का जायजा लिया। जिला पदाधिकारी नवीन कुमार एवं संबंधित पदाधिकारी के साथ उन्होंने जीरो प्वाइंट (तेलिया तालाब) से लाल दरवाजा के तक उन्होंने निर्माणाधीन पुल के अंतिम चरण की प्रगति का जायजा स्थलीय निरीक्षण किया। उसके बाद निर्माण एजेंसी के कैंप कार्यालय में एनएचएआई के वरीय पदाधिकारियों के साथ तकनीकी एवं भौतिक प्रगति के संबंध में पीपीटी के माध्यम से जानकारी प्राप्त की। अपर मुख्य सचिव ने निर्माण एजेंसी को त्वरित कार्य करने हेतु आवश्यक निर्देश दिये। मंत्री नवीन ने प्रेस वार्ता में बताया कि लक्ष्य के अनुरूप निर्धारित तिथि को इसका लोकार्पण करने की पूरी कोशिश रहेगी। इसके लिए मैनपावर के साथ साथ तकनीकी सुविधाओं को और अधिक बढ़ाया जायेगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि सुरक्षा और गुणवत्ता का पूर्ण ख्याल रखा जायेगा। उन्होंने कहा कि उत्तर बिहार के मुजफ्फरपुर, बेगूसराय, खगड़िया, कोशी और सीमांचल की दूरी कम हो जायेगी। मंत्री ने कहा कि पुल चालू होने से मुंगेर के विकास का रास्ता प्रशस्त होगा। एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि किला क्षेत्र के नौ सड़कों (08 किलोमीटर) को पथ निर्माण विभाग ने हस्तगत किया है। अगले वर्ष निर्माण कार्य शुरू होगा। मौके पर अपर मुख्य सचिव पथ निर्माण, प्रत्यय अमृत,जिला पदाधिकारी नवीन कुमार,मुंगेर विधायक, प्रणव कुमार, तारापुर विधायक राजीव कुमार सिंह,आरओ एनएचए आई,पीडी एनएचएआई, सदर अनुमंडल पदाधिकारी खुशबू गुप्ता,भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश जैन, जदयू के जिलाध्यक्ष संतोष साहनी सहित एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित थे।