विद्यालय में कम एडमिशन पर भड़के डीएम

✍️डॉ शशि कांत सुमन
🟥मुंगेर। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 4 जनवरी से 7 फरवरी 2023 तक राज्यव्यापी समाधान यात्रा के क्रम में मुंगेर जिला में 28 एवं 29 जनवरी 2023 को उनका आगमन एवं कार्यक्रम प्रस्तावित है। समाधान यात्रा के अवसर पर पंचायत स्तर पर विभिन्न जन कल्याणकारी एवं विकास योजनाओं के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के द्वारा अवलोकन के संदर्भ में तैयारियों को लेकर सोमवार को जिला पदाधिकारी नवीन कुमार ने जमालपुर प्रखंड के पाटम पंचायत का क्षेत्र भ्रमण किया।

पाटम पूर्वी पंचायत स्थित नवनिर्मित कुंओं एवं आहर का निरीक्षण करते हुए उन्होंने इसके कार्य को शीघ्रताशीघ्र संपन्न कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री आगमन के पूर्व यहां की सारी तैयारियां पूर्ण करें। इस दौरान उन्होंने प्राथमिक विद्यालय इंगलिश पाटम का भी निरीक्षण किया। जहां के कार्य व्यवस्था पर उन्होंने असंतोष व्यक्त करते हुए विद्यालय के प्रधानाध्यापक को विद्यालय में लाइट की समुचित व्यवस्था करने तथा विद्यालय का रंगरोगण एवं आवश्यक मरम्मती करने का निर्देश दिया। कक्षा के अनुसार बेंच लगाने, छात्र-छात्राओं के लिए पेयजल एवं शौचालय की समुचित व्यवस्था की भी बात कही। विद्यालय में पोषण वाटिका के निमार्ण का भी निर्देश दिया। बच्चों के एमडीएम के लिए साफ-सफाई की भी जानकारी ली। विद्यालय में कम बच्चों के नामांकन पर उन्होंने असंतोष व्यक्त किया।

भ्रमण के क्रम में स्थानीय महादलित टोलों के ग्रामीणों एवं बच्चों से भी जिलाधिकारी ने बातचीत की। उनसे पूछा कि कहां पढ़ते हैं और क्या-क्या पढ़ें हैं। बच्चों के अक्षर ज्ञान का भी उन्होंने जानकारी ली। स्थानीय ग्रामीणों से वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन, विकलांग पेंशन, इंदिरा आवास, जन वितरण व्यवस्था की जानकारी ली। कुछ ग्रामीणों ने राशन कार्ड रहते हुए राशन नहीं मिलने की शिकायत की तो तत्काल उन्होंने जिला आपूर्ति पदाधिकारी को इसके निष्पादन का निर्देश दिया। कुछ मानसिक रोगियों की जानकारी मिलने पर उन्होंने सिविल सर्जन को कैंप लगाकर उन्हें प्रमाण पत्र निर्गत करने तथा विकलांग पेंशन दिलाने का निर्देश दिया।
भ्रमण के क्रम में जिला पदाधिकारी द्वारा कुछ स्कूली बच्चों से भी बात की गयी। आजाद हिन्द विद्यालय के एक द्वितीय कक्षा की छात्रा को स्कूल से आते देख उन्होंने उससे पूछा कि स्कूल से आ रही हो तो छात्रा ने हां कहा। साथ ही प्राथमिक विद्यालय भी खुले रहने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारी को विद्यालय बंद होने के आदेश के बावजूद भी विद्यालय खुले रहने पर उक्त दोनों विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं प्रबंधन के विरूद्ध विधि सम्मत कार्रवाई का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने ग्रामीण महिलाओं से जीविका द्वारा किए जा रहे कार्यो की भी जानकारी ली। कुछ स्थानीय महिलाओं ने बताया कि विगत 6 वर्षो से जीविका समूह से जुड़ी हैं, परन्तु उन्हें इसका कोई उचित लाभ नहीं मिल पा रहा है। जीविका से स्थानीय महिलाओं को लाभान्वित नहीं देख जीविका के डीपीएम को फटकार लगायी। जिला पदाधिकारी ने कहा कि यदि महिलाएं कृषि कार्य में ही आगे बढ़ना चाहती हैं तो उन्हें जीविका की ओर से इसी क्षेत्र में सहायता प्रदान की जाए।
जिला पदाधिकारी के भ्रमण के दौरान एक वृद्ध महिला सरोजनी देवी ने अपने पति रामबरण दास के मानसिक बीमारी के इलाज हेतु अनुरोध किया। इस पर जिला पदाधिकारी द्वारा तत्काल संज्ञान लेते हुए सिविल सर्जन को उक्त मरीज को इलाज हेतु सदर अस्पताल ले जाने तथा उनके समुचित इलाज की व्यवस्था का निर्देश दिया। साथ ही स्थानीय स्तर पर समुचित इलाज नहीं होने पर उन्हें पटना के मानसिक रोग विशेषज्ञ से इलाज कराने की बात कही। इसके अलावे मुस्लिम टोला महमदा पाटम में परिवान नियोजन हेतु स्पेशल कैम्प लगाने का भी निर्देश उन्होंने सिविल सर्जन को दिया।
इस बीच उन्होंने ग्रामीण की कुछ छात्राओं से भी शिक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। इंगलिश पाटम निवासी विनोद साह की पुत्री भारती कुुमारी से भी उन्होंने बात की। इस पर जिलाधिकारी द्वारा उसे सरकार के मुफ्त शिक्षा की जानकारी दी।
कन्या मध्य विद्यालय महमदा पाटम स्थित गुहिया पोखर के निरीक्षण के क्रम में उन्होंने स्थानीय मुखिया को इसके जीर्णाेद्धार का निर्देश दिया तथा इस संबंध में उपविकास आयुक्त से विमर्श कर इस ओर अग्रेतर कार्रवाई का निर्देश दिया। विद्यालय में एक वृद्ध महेश यादव को देख उन्होंने तत्काल उन्हें वृद्धाश्रम में शिफ्ट कराने तथा उनके उचित रहन सहन के लिए सामाजिक सुरक्षा कोषांग के सहायक निदेशक को निर्देशित किया।
उन्होंने वहां उपस्थित सभी पदाधिकारियों से कहा कि मुख्यमंत्री के आगमन में कुछ ही समय शेष बचा है। अतः शीघ्रताशीघ्र सभी कार्यो को ससमय संपन्न कराने का निर्देश सभी पदाधिकारियों को दिया। इस अवसर पर उपविकास आयुक्त, सिविल सर्जन, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी शिक्षा, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी सहित अन्य उपस्थित थे।