✍️रिपोर्ट राजन शुक्ला

🟥श्रावस्ती जनपद के जयचंद कटघरा गांव में गुरुवार शाम को चुनावी रंजिश में पूर्व प्रधान पक्ष के लोगों ने प्रधान पक्ष के लोगों पर फायरिंग कर दी। फायरिंग में एक युवक की मौत होगी जबकि महिला समेत चार घायल हो गए। घायलों को बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। यहां एक घायल की हालत गंभीर होने पर लखनऊ रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मौके से पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अवैध असलहा भी बरामद किया गया है।

श्रावस्ती जिले के इकौना थाना अंतर्गत जयचंद कटघरा गांव में गुरुवार शाम 5:45 बजे पूर्व ग्राम प्रधान मनोज शुक्ला वर्तमान ग्राम प्रधान के घर के सामने से निकल रहे थे। आरोप है कि मनोज ने वर्तमान ग्राम प्रधान के परिवार के बच्चों को पीट दिया। इसी बात को लेकर मामला आगे बढ़ा। कुछ ही देर में पूर्व ग्राम प्रधान अपने साथी आलोक शुक्ला, भगेलू और अन्य के साथ घर से असलहा लेकर आ गए। सभी ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।

फायरिंग में गांव निवासी संजय तिवारी (35) पुत्र राकेश तिवारी, राजन तिवारी, सुखदेव, अभिषेक और विमला देवी समेत पांच लोग घायल हो गए। फायरिंग को लेकर गांव में दहशत का माहौल बन गया। आसपास के लोग इधर उधर भागने लगे। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधीक्षक श्रावस्ती प्राची सिंह ने बताया कि चुनावी रंजिश में फायरिंग हुई है। जिसमें संजय तिवारी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। जबकि सुखदेव समेत तीन लोगों को हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया गया।

मेडिकल कॉलेज के ईएमओ भरत पांडेय ने बताया कि श्रावस्ती से गोली कांड के तीन लोग आए थे। इनमें सुखदेव के सीने पर गोली लगी है उन्हें गंभीर हालत में लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक श्रावस्ती ने बताया कि मौके से पांच लोगों को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है फोरेंसिक टीम ने जांच किया है और फायरिंग में प्रयुक्त असलहे को बरामद कर लिया गया।