महराजगंज / विकासखंड पनियरा में शैक्षिक सत्र 2021-22 में आउट ऑफ स्कूल बच्चों के विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम हेतु प्रत्येक ब्लॉक में प्रत्येक विद्यालय के नोडल अध्यापकों के प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। प्रशिक्षक वरेश कुमार ने बताया कि विद्यालय मे कभी नामांकित ना होने वाले बच्चे या विद्यालय में नामांकित पर आउट आफ स्कूल बच्चों को संघनित पाठ्यक्रम पर आधारित विशेष प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें आयुसंगत कक्षा के अनुरूप दक्षता स्तर तक लाए जाने के उद्देश्य से यह प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है। वरेश कुमार ने बताया कि प्राथमिक स्तर पर भाषा, गणित व पर्यावरण अध्ययन और पूर्व माध्यमिक स्तर पर भाषा, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, संस्कृत विषयों के संघनित कोर्स को खेल खेल में रुचिकर तरीके से कैसे संचालित किया जाए इसपर गहन चर्चा परिचर्चा हुई। प्रशिक्षक वरेश कुमार ने भाषा शिक्षण में परिवार, अक्षर ज्ञान, अमात्रिक व मात्रिक शब्द निर्माण, कहानी व कविता का प्रयोग, ‘र’ का प्रयोग आदि पर शिक्षण अधिगम सामग्री का प्रयोग कर बताया। प्रशिक्षक व ए आर पी संजय पासवान ने विज्ञान शिक्षण में सजीव निर्जीव, मानव शरीर, प्रकाश संश्लेषण, पदार्थ व वस्तु, स्वच्छता व स्वास्थ्य आदि विषय पर प्रकाश डाला। ए आर पी संजय यादव ने गणित शिक्षण में संख्या के प्रकार, महत्तम समावर्तक, लघुत्तम समावर्तय, जोड़ घटाव, शून्य की अवधारणा आदि पर प्रकाश डाला। प्रशिक्षक व ए आर पी महेंद्र चौहान ने संस्कृत विषय पर सामान्य उपयोग के वाक्यों पर किस प्रकार शिक्षण किया जाए पर प्रकाश डाला। महेंद्र चौहान ने बताया कि पनियरा में समस्त प्रशिक्षण चार बैचों में चला। कार्यक्रम के अन्त में राष्ट्रगान से समापन किया गया।