✍️ न्यू समाचार प्लस/अवधेश पाण्डेय

🟥रायपुर, 13 सितम्बर 2022/ छत्तीसगढ़ की राज्यपाल सुश्री अनुसुईया उइके से आज राजभवन में राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती रेखा शर्मा ने सौजन्य मुलाकात की। राज्यपाल ने अध्यक्ष श्रीमती शर्मा से महिलाओं के उत्थान, महिलाओं के विरूद्ध होने वाले अपराधों के नियंत्रण, न्याय तथा उनकी सुरक्षा के लिए आयोग द्वारा किये जा रहे प्रयासों और गतिविधियों की जानकारी ली। राज्यपाल सुश्री उइके ने कहा कि महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए आयोग अच्छी पहल कर रहा है तथा इसे दूरस्थ अंचलों तक भी बढ़ाया जाना चाहिए। साथ ही देश के विभिन्न इलाकों में महिलाओं के विरूद्ध हो रहे घृणित अपराधों पर उन्होंने चिंता व्यक्त की और आयोग द्वारा त्वरित न्याय दिलाने की दिशा में प्रयास करने की बात कही। इस दौरान राज्यपाल सुश्री उइके ने राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती रेखा शर्मा को शॉल और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।