✍️डॉ शशि कांत सुमन
🟥मुंगेर। नक्सल प्रभावित धरहरा प्रखंड के अजीमगंज पंचायत के नवनिर्वाचित मुखिया परमानंद टुड्डू हत्याकांड में गुरुवार को नामजद नक्सली पवन कोड़ा को एसटीएफ और जिला पुलिस ने विशेष अभियान के दौरान गिरफ्तार किया है। मुखिया हत्याकांड में 21 नामजद में से अब तक सात आराेपितों की गिरफ्तारी पुलिस ने की है। एएसपी अभियान कुणाल कुमार ने बताया कि मुखिया हत्याकांड में जल्द ही और फरार आरोपितों की गिरफ्तारी होगी। एसटीएफ के साथ विशेष कांबिंग आपरेशन चलाया जा रहा है।

एएसपी कुणाल कुमार ने बताया कि धरहरा थाना के माताडीह पंचायत के लकड़ीहार का रहने वाला पवन कोड़ा के बारे में छिपे होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने बताया कि मुखिया परमानंद टुडु की हत्या में पवन कोड़ा शामिल था। बता दें कि 23 दिसंबर की रात नक्सलियों ने अजीमगंज पंचायत के मुखिया की हत्या घर से बुलाकर कर एक सौ मीटर की दूरी पर कर दी थी। मामला काफी हाइप्रोफाइल होने के बाद पुलिस और एसटीएफ की टीम छह आरोपित नक्सलियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा दिया था। एएसपी अभियान ने बताया कि पवन कोड़ा नक्सलियों के लिए मुखबिरी का काम करता था। सूचना आदान-प्रदान करने का काम करता था। पुलिस की हर गतिविधियों को नक्सलियों तक पहुंचाता था। पूछताछ के क्रम में पवन ने कई और चौंकाने वाली बात की जानकारी पुलिस को दी है। एएसपी ने बताया कि नक्सलियों के बारे में कई जानकारियां भी मिली हैं। सभी पर कार्रवाई हो रही है। आपरेशन चल रहा है। पवन कोड़ा को मेडिकल जांच के बाद जेल भेज दिया गया है।