✍️डॉ शशि कांत सुमन
🔴मुंगेर। नक्सल प्रभावित धरहरा प्रखंड स्थित अजीमगंज पंचायत के मुखिया परमानंद टुड्डू हत्याकांड में मंगलवार की देर रात नामजद नक्सली धनेश्वर कोड़ा को एसटीएफ और जिला पुलिस ने विशेष अभियान के दौरान गिरफ्तार किया। धनेश्वर कोड़ा पर बरियारपुर और लड़ैयाटांड थाना में कई आपराधिक मुकदमा दर्ज है।
मुखिया हत्याकांड में 21 नामजद में से अब तक छह की गिरफ्तारी हो चुकी है। एएसपी अभियान कुणाल कुमार ने बताया कि मुखिया हत्याकांड में जल्द ही और फरार आरोपितों की गिरफ्तारी होगी। एसटीएफ के साथ विशेष कांङ्क्षबग आपरेशन चल रहा है। एएसपी ने बताया कि लड़ैयाटांड़ थाना के सखौल का रहने वाला धनेश्वर कोड़ा के बारे में छिपे होने की सूचना मिली थी। गिरफ्तार नक्सली धनेश्वर कोड़ा पूर्व मुखिया सह हत्याकांड में गिरफ्तार आरोपित योगेंद्र कोड़ा का भाई है। पुलिस ने बताया कि मुखिया की हत्या में धनेश्वर कोड़ा शामिल था। दरअसल, 23 दिसंबर की रात नक्सलियों ने अजीमगंज पंचायत के मुखिया की हत्या घर से बुलाकर कर दी थी। मामला काफी हाइप्रोफाइल होने के बाद पुलिस और एसटीएफ की टीम पांच आरोपित नक्सलियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।

मुखबिरी और सूचना इधर-उधर करता था धनेश्वर

एएसपी अभियान ने बताया कि धनेश्वर कोड़ा नक्सलियों के लिए मुखबिरी करता था। सूचना को आदान-प्रदान करता था। पुलिस की हर गतिविधियों को बताता था। पूछताछ के क्रम में धनेश्वर ने कई और चौंकाने वाले बात की जानकारी दी है। एएसपी ने बताया कि नक्सलियों के बारे में कई क्लू भी मिले हैं। सभी पर कार्रवाई हो रही है। आपरेशन चल रहा है। धनेश्वर कोड़ा को मेडिकल जांच के बाद जेल भेज दिया गया।