🟠अश्वनी चौहान की रिपोर्ट

🟥वाराणसी / जिले के सारनाथ थानाक्षेत्र के बुद्धा सिटी कालोनी स्थित होटल सुमेन्द्र रेसीडेंसी में भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे मूलरूप से भदोही जिले के चौरी थाना क्षेत्र के परसीपुर की रहने वाली थीं।

एक्ट्रेस का पूरा परिवार मुंबई में रहता है। वाराणसी कमिश्नरेट की सारनाथ पुलिस ने घटना की सूचना परिजनों को दे दी है। जानकारी के मुताबिक एक्ट्रेस कल 25 मार्च को रात 8 बजकर 30 मिनट पर होटल से बाहर एक जन्मदिन समारोह में शामिल होने गयी थी। देर रात करीब 1 बजकर 55 मिनट पर वह वापस होटल लौटी। इसके बाद उन्होंने अपने केयर टेकर रेखा मौर्या से अपने कमरे की चाबी मांगी। चाबी लेकर वह अपने कमरे में चली गई थीं। सुबह देर तक न उठने पर रेखा ने होटल कर्मियों को इसकी जानकारी दी। उसके बाद होटलकर्मी हरकत में आए और पुलिस को सूचना दी गयी। पुलिस ने रूम के दूसरी चाबी से दरवाजा खोला तो शव फंदे पर लटका था। सूचना पर फॉरेंसिक विभाग की टीम भी पहुंच चुकी है और मोबाइल, बैग और अन्य चीजों के जरिए साक्ष्य एकत्र कर रही है।
भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे का शव वाराणसी के एक होटल में फांसी पर लटका मिला है। शव मिलने से 20 घंटे पहले उन्होंने एक स्टोरी इंस्टा पर पोस्ट की थी।
आकांक्षा दुबे ने करीब 23 घंटे पहले अपने इंस्टा अकाउंट पर एक शायरी वाली स्टोरी अपलोड की थी। इंस्टा पर लगी स्टोरी ‘shayro.ki.shayari’ नाम के एक पेज पर अपलोड है। शायरी कुछ इस प्रकार है, “के राह देखेंगे तेरी चाहे जमाने लग जाएं, या तो आ जाए तू, या हम ही ठिकाने लग जाएं..!”
एक्ट्रेस आकांक्षा ने ‘कसम पैदा करने वाले की 2’ और ‘वीरों के वीर’ जैसी फिल्मों में काम किया था। आज यानी 26 मार्च को भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह के साथ उनका एक नया गाना रिलीज हुआ है। इस गाने का नाम ‘आरा कभी हारा नहीं’ है। आकांक्षा दुबे तीन साल की उम्र में पेरेंट्स के साथ मुंबई शिफ्ट हुई थीं। उनके पेरेंट्स उन्हें आईपीएस अफसर बनाना चाहते थे, लेकिन उनका मन डांस और एक्टिंग में था।
सूत्रों के मुताबिक बनारस में साजन नामक भोजपुरी फ़िल्म की शूटिंग के लिए आकांक्षा बनारस आई थी।
पूर्व में भी कई भोजपुरी एक्ट्रेस कर चुकी है आत्महत्या जिसमे मिस पटना रूबी सिंह भी है।