✍️डॉ शशि कांत सुमन

🟥पटना। जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह लोकसभा सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के कर्नाटक में दिए बयान पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने जेपी नड्डा के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि भारत ने ना कभी किसी देश के सामने घुटना टेका है और ना ही टेकेगा। श्री सिंह ने कहा कि जेपी नड्डा का ये बयान उनके राजनीतिक दिवालिएपन को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि जेपी नड्डा को अपने इतिहास की समझ को पॉलिश करना चाहिए और भारत के हज़ारों साल के इतिहास को समझना चाहिए। जदयू राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के बयान पर सवाल उठाते हुए कहा कि भारत की धरती ने राम को भी जन्म दिया है, भगवान महावीर को भी दिया है और गौतम बुद्ध का संदेश भी यहीं से निकला है।
यह वही धरती है जहां गांधी भी थे, सुभाष चंद्र बोस भी थे और भगत सिंह और चंद्र शेखर भी थे। यहां नेहरू, पटेल जैसे राष्ट्र भक्त भी थे। जिन्होंने आधुनिक भारत की नींव रखी । यहां लाल बहादुर शास्त्री, इंदिरा गांधी और अटल बिहारी बाजपेयी जैसे प्रधान मंत्री भी हुए जिन्होंने एक नहीं कई बार पाकिस्तान के दांत खट्टे किए। ललन सिंह ने कहा कि यह भारत का पराक्रम ही था कि 1971 के भारत पाकिस्तान युद्ध में पाकिस्तान दो भागों में बंट गया था। उन्होंने कहा कि यहां जेपी, लोहिया कर्पूरी जी जैसे नेता भी थे। जिन्होंने लोकतंत्र की रक्षा के लिए सरकार से लड़ाई लड़ी और देश में लोक तंत्र को दोबारा स्थापित किया। श्री सिंह ने बीजेपी पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि वर्तमान में अगर बीजेपी लोकतंत्र को कुचलने की कोशिश करेगी, इतिहास को बदलने की कोशिश करेगी तो नीतीश कुमार की अगुवाई में भारत के तमाम राजनीतिक दल उसे सबक सिखाने का हौसला रखते हैं ।