✍️रिपोर्ट राजन शुक्ला बहराइच

🟥बहराइच लखीमपुर मार्ग पर रायबोझा में 3.5 करोड़ की लागत से पुल का निर्माण कराया गया था। डेढ़ माह पूर्व ही इस पुल से आवागमन शुरू किया गया था। बुधवार शाम को पुल एक साइड में धंस गया। पुलिस और प्रशासन की ओर से पुल पर ईंट रखकर आम लोगों को सचेत किया जा रहा है ऐसे में पुल निर्माण करवाने वाली संस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।

बहराइच लखीमपुर मार्ग पर मोतीपुर तहसील के राय बोझा में 3.5 करोड़ की लागत से पुल का निर्माण दो माह पूर्व पूरा किया गया है। अगस्त में पानी अधिक होने पर वैकल्पिक रास्ता पानी में बह गया था। जिस पर लगभग डेढ़ माह पूर्व पुल से आवागमन शुरू किया गया। बहराइच और लखीमपुर जनपद के लोग आसानी से आवागमन कर रहे थे। बुधवार शाम को पुल का एक हिस्सा नीचे धंस गया।

इसकी जानकारी होते ही क्षेत्र के लोगों में हड़कंप मच गया। तहसील के साथ पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। मौके पर मोतीपुर थाने के पुलिस पहुंच गई तहसील के अधिकारी भी पहुंच गए। काफी लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुल पर एक क्षेत्र में ईंट लगाकर आवागमन के लिए सचेत किया गया है। लोगों को आशंका है कि कहीं पुल और नीचे न आ जाए। जिससे आवागमन खतरे में पड़ जाए। हालांकि अभी ऐसी कोई नौबत नहीं दिख रही है। लेकिन क्षेत्र के लोगों में दहशत जरूर है। इस मामले में थानाध्यक्ष श्रीधर पाठक से बात की गई तो उन्होंने बताया कि पुल कुछ नीचे धंसा है, लेकिन आवागमन चल रहा है। उन्होंने बताया कि लोगों जागरूक किया जा रहा है।

*एक वर्ष बंद रहा था आवागमन*
राय बोझा में जिस स्थान पर पुल का निर्माण हुआ है, उस स्थान पर एक वर्ष पूर्व पुराना पुलिया बाढ़ के पानी में बह गया था। जिसके चलते बाईपास सड़क मार्ग बनाया गया था। उस पर आवागमन हो रहा था। एक वर्ष तक बाईपास से आवागमन हुआ था। लेकिन पानी में वैकल्पिक मार्ग के बहने से डेढ़ माह पूर्व आवागमन शुरू होने के बाद एकबार पुनः लोगों के मन में संशय होने लगा है।

*मामले की करा रहे जांच*

नानपारा लखीमपुर मार्ग पर रायबोझा में पुल का निर्माण हुआ था। जिस पर आवागमन हो रहा था। पुल एक तरफ धंसी है, इसकी जानकारी हुई है। मामले की जांच विभाग कर रहे हैं। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी…मोनिका रानी, डीएम।