✍️रिपोर्ट: राजन शुक्ला

🟥नानपारा/ बहराइच, अमृत विचार। जिले के बढ़इया कला गांव में स्थित एक प्राइवेट कंपनी के मोबाइल टावर पर सोमवार सुबह एक युवक चढ़ गया। पुलिस उसे उतारने का प्रयास कर रही है। लेकिन वह आराम से टावर के बीच लेटा है।

कोतवाली नानपारा अंतर्गत बढ़इया कला गांव में एक निजी कंपनी का मोबाइल टावर लगा हुआ है। टावर पर सोमवार सुबह एक अज्ञात युवक चढ़ गया। काफी ऊंचाई पर जाने के बाद लोगों को इसकी जानकारी हुई। जिस पर पुलिस को युवक के टावर पर चढ़ने की जानकारी दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर युवक को उतारने का प्रयास किया, लेकिन वह नीचे नहीं उतर रहा है। युवक आराम से बीच में ही लेटा है। ऐसे में मौके पर मौजूद लोग परेशान हैं।

प्रभारी निरीक्षक हेमंत कुमार गौड़ ने बताया कि अज्ञात व्यक्ति टावर पर चढ़ा है। अधिक ऊंचाई पर होने के चलते उसकी कोई बात भी समझ नहीं आ रही है। उन्होंने बताया कि युवक को नीचे उतारने का प्रयास किया जा रहा है।