✍️रिपोर्ट : राजन शुक्ला

🟥बहराइच/कैसरगंज : जिले के सोनारी महुरी गांव निवासी एक ग्रामीण के मकान में शनिवार दोपहर में अज्ञात लोगों ने आग लगा दी। जिससे फूस का पूरा मकान जलकर राख हो गया। इसकी जानकारी होते ही गांव के मुस्लिम समुदाय के लोगों ने मुकदमा दर्ज करवाने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ताजिया रोक दिया। सभी ने प्रशासन मुर्दाबाद की नारेबाजी करते हुए ताजिया ले जाने से इंकार कर दिया। दो घंटे की मान मनौवल के बाद सभी ताजिया लेकर कर्बला की ओर रवाना हुए।

कैसरगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत सोनारी के मजरा महुरी निवासी इदू पुत्र वाली मोहम्मद नामक व्यक्ति के मकान में शनिवार दोपहर को अज्ञात लोगों ने आग लगा दी। उसी समय ताजियादार अपनी ताजिया कर्बला के लिए ले जा रहे थे। अज्ञात कारणों से लगी आग में बाइक समेत अन्य सामान जलकर राख हो गया। इसकी जानकारी जब ताजिएदारों को हुई तो सभी ने ताजिया एक स्थान पर रख दिया।

इसके बाद पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाने लगे। गांव के लोगों ने पुलिस को घटना से अवगत कराया कोतवाल राजनाथ सिंह भारी पुलिस फोर्स के साथ गांव पहुंचे लोगों को समझाया बुझाया, लेकिन ग्रामीण आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। इसकी जानकारी पुलिस अधीक्षक के साथ उप जिलाधिकारी पंकज कुमार दीक्षित को दी गई। एसपी पंकज चौधरी भी एसडीएम और सीओ कमलेश कुमार सिंह के साथ मौके पर पहुंचे।
एसपी ने ग्रामीणों से वार्ता कर कार्रवाई का आश्वासन दिया, इसके बाद वह चले गए। लेकिन ताजियेदार आरोपी के गिरफ्तारी तुरंत करने की मांग करते हुए ताजिया कर्बला ले जाने से इंकार कर दिया। पुलिस क्षेत्राधिकारी और एसडीएम के काफी प्रयास के बाद सभी शांत हुए। सभी ताजिया कर्बला की ओर ले गए।

इस मामले में कोतवाल राजनाथ सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया कि ग्रामीण ने बाबू पुत्र मदन और अज्जू पुत्र गुड्डू के विरुद्ध तहरीर दी है। मकान में आग किसने लगाई, इसकी जांच की जा रही है। फिलहाल मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

*दो घंटे रही अफरा तफरी का माहौल*

कैसरगंज कोतवाली क्षेत्र के सोनारी गांव में मकान में आग लगाने की घटना से अफरा तफरी मच गई। सभी ताजियादार द्वारा ताजिया कर्बला ले जाने से इंकार कर दिया गया। इस पर प्रशासन के लोग भी परेशान हुए। हालांकि दो घंटे के प्रयास के बाद सभी शांत हुए। तब राहत की सांस ली। लेकिन गांव में फोर्स तैनात है।

*इसलिए हुआ विवाद*
गांव के ताजियादार ताजिया लेकर जा रहे थे। रास्ते में लोग ताजिया लेकर जा रहे थे। नीम का पेड़ पड़ा। जिस पर पेड़ की डाल कटवा दिया गया। इससे मामला और बढ़ गया और किसी ने मकान में आग लगा दी।