✍️रिपोर्ट नरेश सैनी

* जनपद में एक फरवरी को मनाया जायेगा राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस, खिलाई जाएगी एल्बेंडाजोल

🛑मथुरा ।जनपद में 01 फरवरी को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस मनाया जाएगा। कृमि मुक्त अभियान के तहत जनपद में एक से 19 साल तक के बच्चों व किशोर-किशोरियों को पेट के कीड़े निकालने की दवा एल्बेंडाजोल खिलाई जाएगी। अभियान में समस्त सरकारी निजी व मान्यता प्राप्त स्कूलों व आंगनबाड़ी केंद्रों पर विद्यार्थियों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई जाएगी।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय कुमार वर्मा ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए 11 जनवरी को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय बैठक का आयोजन किया गया एवं मुख्य विकास अधिकारी के निर्देशन में 20 से 28 जनवरी तक जनपद स्तर व ब्लॉक स्तर पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए ।
अभियान के दौरान एक से 19 साल तक

की उम्र के 13.88 लाख बच्चे व किशोर-किशोरियों को पेट के कीड़े निकालने की दवा खिलाई जाएगी। 01 फरवरी को जो बच्चे दवा खाने से छूट जाएंगे उनको 05 फरवरी को मॉप अप राउंड में कवर किया जाएगा।

नोडल अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत साल में दो बार पेट के कीड़े निकालने वाली दवा खिलाई जाती है। 10 अगस्त को आयोजित हुए पिछले अभियान में 12.41 लाख बच्चों ने दवा खाई थी।

नोडल अधिकारी ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्रों पर पंजीकृत स्कूल न जाने वाले बच्चों और घूमंतु व ईंट भट्‌ठों पर काम करने वाले श्रमिकों के बच्चों को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई जाएगी।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के प्रबंधक डॉ. पारुल शर्मा ने बताया कि एक से दो साल तक के बच्चों को आधी गोली और दो से 19 साल तक के बच्चों व किशोर-किशोरियों को पूरी गोली खिलाई जाएगी। छोटे बच्चों को गोली

पीसकर दी जानी है। अभियान को सफल बनाने के लिए एविडेंस एक्शन इंडिया संस्था अहम भूमिका निभा रही है |