🔴महराजगंज / पनियरा ब्लॉक के पूर्व माध्यमिक विद्यालय रतनपुरवा कम्पोजिट में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। प्रभारी अध्यापक त्रिलोकीनाथ प्रजापति ने कहा कि होली का यह पर्व हमारे जीवन में खुशियों व उल्लास का रंग भरता है। नवाचारी शिक्षक वरेश कुमार व विवेक गुप्ता के देख-रेख में छात्र व छात्राओं ने रंगोली के माध्यम से प्रेम व सद्भावना के इस त्यौहार को दर्शाते हुए सभी को होली की शुभकामनाएं दीं। शिक्षक रामेश्वर ने बच्चों को पानी के महत्व को बताते हुए सूखी होली यानि अबीर व गुलाल से होली स्वच्छ व संस्कारित होली खेलने का संकल्प दिलाया। शिक्षक हरेंद्र सिंह ने हानिकारक रंगों से दूर रहने की सलाह देते हुए उसके दुष्प्रभाव को बताया कि किस प्रकार त्वचा व एलर्जी की समस्या हो जाती है। शिक्षक वरेश कुमार ने होली के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि होली को हर वर्ष बसंत ऋतु में फागुन मास में पूर्णिमा को मनाया जाता है। होली मनाने के पीछे असुर हिरण्यकश्यप के पुत्र प्रह्लाद की कहानी है। हिरण्यकश्यप के इच्छा के विरुद्ध प्रह्लाद विष्णु का अनन्य भक्त था। हिरण्यकश्यप द्वारा प्रह्लाद को कितनी ही बार चेतावनी दी गई व मारने की कोशिश की गई। तमाम कोशिशों के बाद हिरण्यकश्यप ने आग में न जलने का वरदान पाई अपनी बहन होलिका की मदद ली। परन्तु फिर भी प्रह्लाद बच गया। वरेश कुमार ने बताया कि इसी को होली के पूर्व होलिका दहन की जाती है जिसमें लोग अपनी बुराइयों को होलिका के साथ में खत्म करने की विनती करते हैं। वरेश कुमार ने रंगोली प्रतियोगिता में कक्षा 5 को प्रथम, कक्षा 2 को द्वितीय व कक्षा 6 को तृतीय स्थान घोषित किया। होली के अवकाश होते ही बच्चों ने होली गीतों पर नृत्य करते हुए अबीर व गुलाल संग होली खेली। शिक्षकों ने बच्चों को टीका लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। अंत में शिक्षक वरेश कुमार ने सभी बच्चों को टाफी देकर मुंह मीठा कराकर घर भेजा।