🟥डॉ शशि कांत सुमन
मुंगेर। जिला पदाधिकारी नवीन कुमार ने किसान भाईयों से अपील किया है कि अपने उत्पादित धान को पैक्स के माध्यम से बिक्री करे। जिला सहकारिता पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि बढ़ते उत्पादन क्षमता को देखते हुए गोदाम को चिह्नित कर लें। सभी प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी को गोदाम और चावल रख रखाव हेतु व्यवस्था को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। सभी मिलों को कार्यशील करने का निर्देश दिया गया। जिला पदाधिकारी ने अच्छे अधिप्राप्ति करने वाले पैक्स, समिति का सीसी लिमिट बढ़ाने का भी निर्देश दिया। जिला पदाधिकारी ने धान अधिप्राप्ति में तेजी लाने का निर्देश देते हुए कहा कि सभी पैक्स व्यक्तिगत रूचि लेकर किसानों को धान बिक्री हेतु माॅटिवेट करें। प्रखंड कृषि पदाधिकारी, कृषि समन्वयक एवं सहकारिता पदाधिकारी पंचायतवार किसानों को धान बिक्री हेतु प्रेरित कर रहे है। उन्होंने काम में तेजी लाने का निदेश दिया। सभी किसान भाइयों, बहनों से पुनः अपील किया गया कि पैक्स के माध्यम से ही अपने अनाज को बेचे। 72 घंटे के अंदर किसानों को भुगतान करने का निर्देश जिला सहकारिता पदाधिकारी को दिया गया। किसानों की संख्या के विरूद्ध अधिप्राप्ति हेतु निबंधन में तेजी लाने का निर्देश दिया। जिला पदाधिकारी द्वारा सभी कृषि समन्वयक, सभी प्रखंड कृषि पदाधिकारी एवं सहकारिता प्रसार पदाधिकारी को निर्देश दिया गया है कि समितियों के माध्यम से अधिक से अधिक किसानों का धान क्रय कराना सुनिश्चित करें ताकि किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य का लाभ मिल सके। साधारण धान का 1940 रुपये प्रति क्विंटल तथा ग्रेड ए धान का 1960 रुपये प्रति क्विंटल न्यूनतम समर्थन मूल्य है। जिला कृषि पदाधिकारी एवं जिला सहकारिता पदाधिकारी को निर्देश दिया गया है कि धान अधिप्राप्ति कार्य का नियमित अनुश्रवण एवं पर्यवेक्षण करना सुनिश्चित करें तथा जिन पदाधिकारियों द्वारा कार्य में अभिरूची नहीं ली जा रही हो उनके विरूद्ध विभागीय कार्रवाई की प्रस्ताव समर्पित करने का निर्देश दिया। नियंत्रण कक्ष का नम्बर-06344-220147 है। अधिप्राप्ति संबंधी जानकारी,शिकायत निवारण कोषांग का टोल फ्री नम्बर 1800-1800-110 पर संपर्क किया जा सकता है। बताते चलें कि जिले में कुल व्यापार मंडलों की संख्या 09 है। कुल लक्ष्य 50 हजार एमटी है। अब तक 40 प्रतिशत धान अधिप्राप्ति कर लिया गया है। धान अधिप्राप्ति में संलग्न किसानों की कुल संख्या-3513 है। 21 राईस मिलों, 62 पैक्स एवं 03 व्यापार मंडल को मिल से संबद्ध किया गया है।