राजद के वरीय नेता नरेश सिंह यादव और पूर्व नगर अध्यक्ष मंटू यादव 6 वर्षों के लिए पार्टी से निष्कासित

🔴डॉ शशि कांत सुमन
मुंगेर। दो दिन पूर्व जमालपुर नगर अध्यक्ष के लिए राजद के संगठनात्मक चुनाव के दौरान मारपीट,पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार तथा पार्टी की छवि धूमिल करने के मामले में राजद प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने बड़ा एक्शन लिया है। प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने पूरी घटना से अवगत होने के बाद जमालपुर फुलका निवासी राजद के वरीय नेता नरेश सिंह यादव तथा जमालपुर के पूर्व नगर अध्यक्ष मंटू यादव को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से 6 वर्षों के लिए निष्कासित कर दिया है। प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने पार्टी के वरीय नेता नरेश सिंह यादव तथा पूर्व नगर अध्यक्ष मंटू यादव को लिखे पत्र में कहा है कि राजद के संगठनात्मक चुनाव के दौरान आपके द्वारा पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट, अभद्र व्यवहार तथा पार्टी की छवि को धूमिल किया गया है। जिसके कारण आपको पार्टी के प्राथमिक सदस्यता से 6 वर्षों के लिए निष्कासित किया जाता है। प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने निष्कासन का पत्र मुंगेर के पार्टी जिलाध्यक्ष डॉक्टर देवकीनंदन सिंह सहित जिला निर्वाचन पदाधिकारी को भी उपलब्ध कराया है। विदित हो कि दो दिन पूर्व जमालपुर में नगर अध्यक्ष के चुनाव के दौरान पूर्व नगर अध्यक्ष मंटू यादव के समर्थकों के द्वारा जमकर लाठियां भांजी गई थी। जिसमें आधा दर्जन से अधिक कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घायलों का उपचार अभी भी अस्पताल में चल रहा है। मारपीट का मामला थाना तक पहुंचा। पुलिस के पहुंचने के बाद कई कार्यकर्ताओं की जान बच पायी थी। घटना मीडिया में सुर्खियां बनने के बाद राजद प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने बड़ा एक्शन लेते हुए दोनों राजद नेताओं को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से 6 वर्षों के लिए स्थगित कर दिया है।