मथुरा रिपोर्ट सत्येंद्र यादवमथुरा। मथुरा वृंदावन में मंदिरों के दर्शन करने आ रहे हैं तो महिला चोरों से भी सावधान रहें, मथुरा पुलिस ने तीन दिन में दो गैंग को पकडा है। जिनमें आठ महिलाएं और तीन पुरूष गिरफ्तार किए गए हैं। दूसरे जनपदों से आकर भी महिलाएं यहां इस तरह की घटनाओं में सक्रिय हैं।थाना गोवर्धन पुलिस ने श्रद्धालुओं के पर्स, मोबाइल चोरी करने वाले गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है। जिनमें तीन औरतें भी शामिल हैं। तीनों महिलाएं जनपद से बाहर की बताई जा रही है। जबकि पकडे गए तीन पुरूष गोवर्धन क्षेत्र के ही रहने वाले हैं। ये लोग मंदिरों के आसपास सक्रिय रह कर घटनाओं को अंजाम देते थे। गैंग के सदस्यों से तीन चोरी के मोबाईल, एक पर्स, एक आधार कार्ड व 23 सौ रूपये बरामद हुए हैं।
प्रभारी निरीक्षक थाना गोवर्धन संजीव कुमार दुबे ने बताया कि पुलिस टीम ने चैकिंग के दौरान डीग अड्डा गोवर्धन से
सचिन उर्फ चेटा पुत्र दयाचन्द निवासी आन्यौर थाना गोवर्धन, गीतम उर्फ गुप्ता पुत्र माणिक चन्द निवासी भीमनगर थाना गोवर्धन, संदीप उर्फ धर्मा पुत्र महाराज सिंह निवासी आन्यौर थाना गोवर्धन, मीना पत्नी सोनू निवासी नगला मौठुका थाना छौयसा फरीदाबाद, सुनीता पत्नी वीरपाल निवासी मगला मौठुका थाना छौयसा फरीदाबाद तथा आरती पत्नी राहुल निवासी खुशाली का नगला थाना शाहगंज आगरा को गिरफ्तार किया गया है। इससे पहले 17 अगस्त को मंदिरों के आसपास श्रद्धालुओं के कीमती सामान पर हाथसाफ करने वाली पांच महिलाओं को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार किया था। इनके कब्जे से पांच हजार रूपये की नकदी, दो चेन और पांच अंगूठियां बरामद की थी। पुलिस को लगातार इस तरह की सूचनाएं मिल रही थीं कि मंदिरों के आसपास से श्रद्धालुओं के सामान को चोरी करने वाला गैंग सक्रिय है। विश्व प्रसिद्ध ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में भीड का फायदा उठाकर श्रद्धालुओं के मोबाइल, पर्स, आभूषण चोरी करने के मामले लगातार सामने आ रहे थे। इनके शातिराना आंदजा को इस बात से समझा जा सकता है कि मंदिर में हर कोण से लगे सीसीटीवी कैमरे, सुरक्षागार्ड और श्रद्धालुओं की सतर्कता के बाद भी यह चोरी की घटनाएं कर रही थीं और पकड में भी नहीं आ रही थीं। वृंदावन पुलिस ने गिरोह पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इस गिरोह की पांच महिलाओं को गिरफ्तार किया गया था वही सतर्कता दिखाते हुए गोवर्धन पुलिस ने भी मोबाइल पर्स चोर सदस्यों को विधिक कार्यवाही कर जेल भेजा है।