✍️उमानाथ यादव

🟥हरदोई, 25 मार्च 2023

जनपद में एक से 30 अप्रैल तक साल का पहला विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलेगा | जिसके तहत लोगों को वेक्टरजनित रोगों से बचने के बारे में जागरूक करने के साथ ही विभिन्न प्रकार की गतिविधियां संपादित की जाएंगी | यह जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. राजेश कुमार तिवारी ने दी |
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि संचारी अभियान को सफल बनाने के लिये तैयारियां चल रही हैं | ग्राम प्रधानों एवं पंचायत कर्मियों का अभिमुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन यूनिसेफ़ के सहयोग से 27 और 28 मार्च को किया जाएगा | इसके साथ ही तैयारियों का जायजा लेने के लिए जिला टास्क फोर्स की दूसरी बैठक का आयोजन कलेक्ट्रेट सभागार में 29 मार्च को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में होगा | इससे पहले जिला टास्क फोर्स की पहली बैठक 22 मार्च को आयोजित हो चुकी है | बताते चलें कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान में स्वास्थ्य विभाग नोडल अधिकारी की भूमिका में है | अन्य विभाग हैं – बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार, शिक्षा, पंचायती राज, ग्राम्य विकास, दिव्यांगजन कल्याण, पशु पालन, कृषि, नगर विकास, चिकित्सा शिक्षा एवं सूचना विभाग, नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग एवं सिंचाई भी सहयोग कर रहे है।

संचारी रोगों के नोडल अधिकारी और उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा.समीर वैश्य ने बताया कि 17 से 30 अप्रैल तक दस्तक अभियान चलाया जाएगा | दस्तक अभियान में आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर बुखार के रोगियों, इंफ्लुएंजा लाइक इलनेस के रोगियों, क्षय रोग के लक्षणयुक्त व्यक्तियों एवं कुपोषित बच्चों की सूची बनाएंगी | इसके साथ ही क्षेत्रवार ऐसे मकानों की सूची भी बनायेंगी जहां घरों के भीतर मच्छरों का प्रजनन पाया गया है | आशा कार्यकर्ता उन घरों के प्रमुख स्थानों पर स्टीकर लगायेंगी जिन घरों में 15 वर्ष से कम आयु के बच्चे हैं या क्षय रोग के लक्षणयुक्त व्यक्ति हैं | इसके साथ ही संचारी रोगों से बचाव के लिए स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं द्वारा स्कूलों, ग्राम स्वास्थ्य पोषण दिवस(वीएचएनडी), मातृ समिति की बैठक में लोगों को जागरूक किया जाएगा | आशा कार्यकर्ता लोगों को इस बात के लिए जागरूक करें एवं यह जरूर सुनिश्चित करें कि बुखार होने पर खुद से कोई इलाज न करें नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर बुखार की जांच कराएं |