✍️डॉ शशि कांत सुमन

🔴मुंगेर। बिहार के उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने मुंगेर जिला दौरे के क्रम में खड़गपुर हवेली अनुमंडल में विकासात्मक योजनाओं की प्रगति समीक्षा की एवं जन संवाद को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर बिहार के संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाने में अधिकारियों की बड़ी भूमिका है। इसलिए आवश्यकता इस बात की है कि अधिकारी जन अपेक्षाओं पर खड़ा उतरने के लिए संवेदनशील प्रयास करें एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में अपना शत-प्रतिशत योगदान दें।
उन्होंने कहा कि उद्यम और उद्यमिता के विकास के लिए सरकार ने महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए कई महत्वाकांक्षी योजनाओं को संचालित किया है। हम चाहते हैं कि इन योजनाओं का लाभ सभी पात्र लाभुकों को मिले एवं समावेशी विकास का एहसास आम जनमानस को हो। हर हाथ को हुनर और हर हाथ को काम के सिद्धांत पर अमल करके ही हम आत्मनिर्भर बिहार के संकल्प को पूरा कर सकते हैं। इसके लिए अधिकारी पंचायत, गांव स्तर पर कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दें। पात्र लाभुकों को इसका लाभ दें। इसमें अधिकारियों की महत्वपूर्ण जवाबदेही है।
उक्त अवसर पर पंचायती राज मंत्री सम्राट चौधरी, स्थानीय विधायक , जिला पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त, खड़गपुर हवेली के अनुमंडल पदाधिकारी सहित अन्य अनुमंडल एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारीगण उपस्थित थे।